गोखले मार्ग में सख्ती, कैमरे से रखी जाएगी अतिक्रमण पर नजर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गोखले मार्ग में सड़क पर अतिक्रमण कर फल-सब्जी की रेहड़ी-फड़ लगाने वाले व्यापारियों के आगे आखिरकार नगर निगम नतमस्तक हो गया। नगर निगम प्रशासन ने अब गोखले मार्ग में ही इन व्यापारियों के लिए सड़क के दोनों ओर दो-दो फीट जगह दे दी है। निगम प्रशासन ने सफेद पट्टी खींच फड़-ठेली लगाने के लिए स्थान चिह्नित कर दिया।
कोटद्वार में गोखले मार्ग में मौजूद अतिक्रमण नगर निगम प्रशासन के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर निगम प्रशासन वक्त-बेवक्त गोखले मार्ग में पहुंच सड़क पर रेहड़ी-फड़ लगा फल-सब्जी बेचने वालों का सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माना भी वसूलता है। लेकिन, टीम के वापस लौटते ही गोखले मार्ग में हालात पूर्ववत हो जाते हैं। निगम प्रशासन की तमाम चेतावनियों के बाद भी इस मार्ग से अतिक्रमण नहीं हट पाया। नतीजा, अब नगर निगम प्रशासन इन व्यापारियों को गोखले मार्ग पर ही स्थापित करने की तैयारी में है। गुरूवार को सड़क के दोनों ओर नाली के बाहर दो-दो फीट की दूरी पर सफेद पट्टी खींच दी गई। फल-सब्जी व्यापारियों को इसी पट्टी के भीतर रेहड़ी-फड़ लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया कि यदि पट्टी से बाहर दुकान लगाई तो चालान किया जाएगा। निगम प्रशासन गोखले मार्ग में तीन-चार स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहा है, जिसका कंट्रोल रूम निगम कार्यालय में होगा। जिस व्यापारी की रेहड़ी-फड़ सफेद पट्टी के बाहर होगी, उस व्यापारी के खिलाफ चालानी कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *