सनेह-लालपानी में गुलदार पकड़ने को लगाया गया पिंजरा, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सनेह और लालपानी क्षेत्र में पिछले कई महीनों से गुलदार की बढ़ती गतिविधियों से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों की मांग पर वन विभाग ने शुक्रवार से क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही आबादी वाले इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाते हुए वन कर्मियों की टीम भी तैनात कर दी गई है।


जानकारी के अनुसार, बीते कुछ सप्ताह पहले सनेह क्षेत्र में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया था। इसके अलावा गुलदार लगातार आवारा और पालतू कुत्तों को अपना शिकार बना रहा है। स्थिति यह है कि शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतराने लगे हैं। गुलदार की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की थी। वन मंत्री के प्रतिनिधि सुमन कोटनाला ने भी वन मंत्री को ज्ञापन भेजकर समस्या के समाधान की मांग उठाई थी। शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर संभावित स्थान पर पिंजरा स्थापित किया। विभाग की ओर से गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नियमित निगरानी और रात्रि गश्त भी शुरू कर दी गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी गुलदार दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें तथा अनावश्यक रूप से जंगल या सुनसान क्षेत्रों में अकेले जाने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *