जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : नवयुग पब्लिक स्कूल, मोटाढांक के विद्यार्थियों ने स्मार्ट शॉपिंग मिशन के तहत देवी रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट का शैक्षणिक भ्रमण कर आधुनिक रिटेल मार्केटिंग और उपभोक्ता जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। इस दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को रिटेल व्यवसाय की कार्यप्रणाली और बाजार प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सुपर मार्केट प्रबंधन, सप्लाई चेन, वेयरहाउसिंग, इन्वेंट्री मैनेजमेंट, बारकोड, पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) बिलिंग सिस्टम, शेल्फ मैनेजमेंट, विजुअल मर्चेंडाइजिंग, स्टॉक रोटेशन तथा फास्ट और स्लो मूविंग कंज्यूमर गुड्स की व्यवस्थाओं को करीब से समझा। साथ ही उपभोक्ता अधिकार, अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी), निर्माण एवं समाप्ति तिथि, बैच नंबर, प्रति इकाई मूल्य, डिस्काउंट, कॉम्बो ऑफर, ‘बाय वन गेट वन’ योजनाओं, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और ग्राहक सेवा संबंधी जानकारियां भी प्राप्त कीं। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी उत्पाद की खरीदारी से पहले उसकी गुणवत्ता, मात्रा, मूल्य और उपलब्ध ऑफरों का तुलनात्मक विश्लेषण करना एक जागरूक उपभोक्ता की पहचान है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव और अवलोकन को विद्यालय की वर्कशीट और डायरी में भी दर्ज किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम नेगी ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों का केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जागरूक और जिम्मेदार उपभोक्ता भी बनना चाहिए। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों में तार्किक सोच, वित्तीय समझ और निर्णय लेने की क्षमता का विकास करते हैं। विद्यालय की प्रशासिका अर्पिता नेगी ने बताया कि इस अभिनव कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक बाजार व्यवस्था से परिचित कराना और व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करना है। इस अवसर पर शिक्षक राजेश भंडारी, रागिनी चौहान, मनदीप रावत, नीरज सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।