राष्ट्रीय दलों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान, ग्रामीणों ने ली सदस्यता

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने प्रदेशवासियों से राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के खिलाफ एकजुट होकर क्षेत्रीय विकल्प को मजबूत बनाने का आह्वान किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि उत्तराखंड के समग्र विकास और पहाड़ों की समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्रीय दल का सत्ता में आना आवश्यक है। सम्मेलन के दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने उक्रांद की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
रिखणीखाल में आयोजित सदस्यता एवं जनजागरण सम्मेलन को संबोधित करते हुए उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने विकास के नाम पर जनता को केवल आश्वासन दिए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर अपेक्षित बदलाव नहीं दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण पहाड़ों से पलायन लगातार जारी है और अब जनता राष्ट्रीय दलों से जवाब मांगने के लिए तैयार है। जयहरीखाल ब्लॉक अध्यक्ष संदीप रौतेला ने कहा कि संगठन को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना समय की मांग है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि इसके लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। सम्मेलन में नैनीडांडा ब्लॉक अध्यक्ष सीपी मधवाल, भजनलाल, गब्बर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *