जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : झंडाचौक के समीप गोखले मार्ग में ठेली लगाने को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों युवक बीच सड़क पर हथापाई करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों के खिलाफ शांति भंग के तहत कार्रवाई की है।
मंगलवार शाम गोखले मार्ग पर ठेली लगाने को लेकर लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मारपीट बढ़ती देख आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने दोनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद थमने के बजाय और उग्र हो गया। आरोप है कि दोनों युवक डंडे लेकर आए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। बीच सड़क पर हुई इस घटना से कुछ समय के लिए बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि दोनों युवकों की पहचान आमपड़ा निवासी अंकित और गाड़ीघाट स्टेडियम क्षेत्र निवासी यूसुफ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।