जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी और विकासपरक योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग में आगामी 20 जून तक विभिन्न स्थानों पर जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों की प्रदर्शनी के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण एवं समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 जून (शुक्रवार) को नगर पंचायत गुप्तकाशी एवं जिला पंचायत कार्यालय रुद्रप्रयाग में जन कल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 20 जून को नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग तथा तहसील सभागार बसुकेदार में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शिविरों के दौरान जनपद के सार्वजनिक स्थलों पर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही ऑन-द-स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिता, वॉक्स पॉप वीडियो रिकॉर्डिंग, लाभार्थियों के अनुभव साझा करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। मुख्य विकास अधिकारी ने उक्त शिविरों के सफल संपादन हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक लाभार्थियों को शिविरों तक लाकर योजनाओं से जोड़ने को कहा।