विकासनगर। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद तीन राज्यों में भाजपा की बंपर जीत पर पछुवादून से लेकर जौनसार बावर तक भाजपाइयों ने जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर विजय जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने इसे केंद्र सरकार के सुशासन की जीत करार दिया। कालसी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक मुख्यालय से कालसी गेट तक जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जीत भाजपा के साथ ही वहां की जनता के लिए भी महत्वपूर्ण है। पश्चिम बंगाल की जनता को भी सुशासन और कानून का राज देखने को मिलेगा। त्यूणी मंडल कार्यकर्ताओं ने त्यूणी बाजार स्थित पार्टी कार्यालय पर जीत का जश्न मनाया। मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि देश की जनता सिर्फ भाजपा की सरकार में खुद को सुरक्षित महसूस करती है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के साथ ही असम, पुडुचेरी में भी भाजपा की बंपर जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता भाजपा के शासन से खुश है। सेलाकुई में भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी में आतिशबाजी कर एक दूसरे को मिठाई खिलाई। सुद्धोवाला स्थित विधायक कैंप कार्यालय में भी जीत का जश्न मनाया गया। विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि जिस तरह से पश्चिम बंगाल में भाजपा की बंपर जीत हुई है और असम में दुबारा भाजपा सत्ता में आई है, उसी तरह उत्तराखंड में भी भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि तीनों राज्यों में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जीत है।