विकासनगर। चकराता में सोमवार शाम को जोरदार बारिश व ओलावृष्टि होने से कड़ाके की सर्दी का अहसास हो रहा है। साथ ही ओलावृष्टि से फसलों को भी नुकसान हुआ है। इन दिनों चकराता का मौसम हर रोज बदल रहा है। बीते एक सप्ताह से कभी धूप निकल रही है तो कभी बारिश हो रही है। मई माह आरंभ होने के बाद भी चकराता में सर्दी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को सुबह से धूप खिली हुई थी और दोपहर तीन बजे बाद आसमान में बादल छाने लगे। शाम पांच बजे चकराता में बारिश शुरू हुई और उसके कुछ देर बाद ओलावृष्टि होने लगी। चकराता बाजार सहित, मुंगाड, जाड़ी, मोहना, भंगार, सिजला, सुजऊ, सावरा, ग्वासा पुल, किमोना, लागापोखरी, टुंगरा, ठाणा, रिखाड, पुरोड़ी आदि क्षेत्रों में काफी देर तक ओलावृष्टि होती रही। ओले पड़ने से चकराता में सर्दी भी बढ़ गई। सोमावार को अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े। किसान महेंद्र सिंह, सुरेश, चंदन सिह, बागवान महावीर रावत, भाव सिंह, अर्जुन दत्त का कहना है कि सीजनल फल पुलम, खुमानी, नाशपती, आलू बुखारा आदि फलों कि फसल तैयार हो रही है। इस समय होने वाली ओलावृष्टि इन फलों के लिए बहुत नुकसानदायक है। कहा कि फल दागी हो जाता है और छोटे फल झड़ जाते हैं। गेहूं व अन्य नगदी फसलों पर भी इस बारिश का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है।