पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेंद्र रावत को मिला सम्मान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत को समाज और पूर्व सैनिकों के हित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘पूर्व सैनिक अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश राणा (पीबीएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम, सेना मेडल), कर्नल कमांडेट गढ़वाल राइफल्स के हाथों प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद महेंद्र पाल सिंह रावत ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए केवल गर्व का विषय नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी का एहसास भी कराता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान वर्षों की मेहनत और पूर्व सैनिकों व वीर नारियों की सेवा का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अब तक वे हजारों पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की पेंशन, चिकित्सा, राजस्व एवं अन्य समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। उनका कहना था कि सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भले ही वर्दी उतर जाती है, लेकिन देश और समाज के प्रति कर्तव्य कभी समाप्त नहीं होता। महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि वीर नारियों और पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान कराना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने दोहराया कि जब तक अंतिम पूर्व सैनिक सम्मान और अधिकार के साथ सिर ऊंचा करके खड़ा नहीं हो जाता, तब तक समिति का संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *