जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : उपनल कर्मियों की हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताली कर्मचारियों ने रामलीला मैदान में धरना दिया। उपनल कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से विभिन्न विभागों का काम काज प्रभावित होने लगा है। वहीं, उपनल कर्मचारियों की हड़ताल को सीटू ने भी समर्थन दिया। सीटू के जिला महामंत्री देवानंद नौटियाल ने कहा कि सरकार जानबूझकर उपनल कर्मचारियों को नियमित नहीं कर रही है। हाईकोर्ट के समान कार्य के लिए समान वेतन के आदेश को सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे दी है।
मंगलवार को रामलीला मैदान में धरना देते हुए उपनल कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि मानदेय में 40 फीसदी की बढ़ोतरी करने, समान कार्य के लिए समान वेतन देने, हटाए हुए कर्मचारियों को फिर से बहाल करने आदि की मांग सरकार से की जा रही है लेकिन सरकार कर्मचारियों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जिसके चलते हड़ताल का निर्णय लिया गया है। कहा कि जल्द ही समस्याओं का हल नहीं होने पर आंदोलन को उग्र किया जाएगा। उपनल कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार पर चले जाने से डीएसओ, कृषि, वन, आयुर्वेदिक विभाग, शिक्षा विभाग, भरसार विश्विवद्यालय में कामकाज प्रभावित रहा। कार्यबहिष्कार में मनमोहन, प्रदीप, बृजमोहन, शैलेंद्र, कृष्ण कुमार, मनजीत, हरीश रावत आदि शामिल रहे।