बिग ब्रेकिंग

‘डायनासोर की तरह समाप्त हो जाएगी कांग्रेस’: राजनाथ सिंह

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

बदायूं। अगले एक दशक में कांग्रेस का अस्तित्व डायनासोर की तरह समाप्त हो जाएगा। यह बात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को आंवला लोकसभा क्षेत्र के विधानसभा दातागंज में भापजा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शौक के समर्थन में जनसभा को संबंधित करते हुए कही। राजनाथ सिंह ने कहा कि समाजवाद पार्टी (सपा) अब समाप्तवादी पार्टी बनने की ओर अग्रसर है, जबकि भ्रष्टाचार को प्रोत्साहन देने वाली कांग्रेस भी दस सालों में लुप्तप्राय: हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में उनके प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया था कि हम गरीबों को एक रुपए भेजते हैं तो उनके खाते में 12 पैसे ही पहुंचाते हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल में यदि एक रुपये भेजा जाता है तो वह पूरा का पूरा एक रुपया ही खाते में पहुंचता है। पीएम मोदी ने जनधन खाते खुलवाकर देश को भ्रष्टाचार से मुक्त किया है।
राजनाथ सिंह ने कहा “कोरोना संकट से सभी लोग प्रभावित रहे। हमारे यहां कोरोना की वैक्सीन नहीं बनती, प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिकों से बात की और कहा कि जितना पैसा लगेगा हम खर्च करेंगे लेकिन हमारे देश में कोरोना की वैक्सीन बननी चाहिए। वैज्ञानिकों ने उसके बाद कोरोना का टीका तैयार किया। भारत दुनिया का अकेला देश है जहां के नागरिकों को दो से लेकर तीन तक कोरोना की वैक्सीन लगीं। सभी को वैक्सीन लगी किसी को दो तो किसी को तीन लगीं। अमेरिका में लोग यह दावा नहीं कर सकते कि उनको दो या तीन वैक्सीन लगीं हों। दुनिया के सौ देशों को हमने कोरोना वैक्सीन देने का काम किया है।”
उन्होंने कहा “युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को बाहर निकालने के लिये श्री मोदी के प्रयास का ही नतीजा था कि रुस और यूक्रेन ने साढ़े चार घंटे के लिए युद्ध रोका था। यह है आज का भारत। यहां तक बंदूकें दूसरे देश से आती थीं। 2014 में केवल 200 करोड रुपए के छोटे-छोटे नट बोल्ट का हम कुछ देशों को एक्सपोर्ट किया करते थे आज हमने 21000 करोड़ रुपए का एक्सपोर्ट दुनिया को दिया है। हम बम, तोप, ब्रह्मोस बेच रहे हैं। रक्षा क्षेत्र में भी भारत तेजी से आत्मनिर्भर हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने जो वादा किया वह पूरा नहीं किया। जबकि भाजपा की सरकार में गरीबों को आवास मिला। जिन गरीबों को आवास नहीं मिला है उन्हें भी मिलेगा। पानी, शौचालय, मकान आदि सभी मिलेगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिये हर स्तर पर काम किया गया। किसानो को खाद के लिये छह हजार रुपये मिल रहे हैं। गरीबों को पांच किलो राशन दिया जा रहा है जो अगले पांच सालों तक जारी रहेगा। आयुष्मान कार्ड में पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लोग इन बातों को नहीं समझते। सपा खत्म हो रही है। सपा क्या है समाप्त पार्टी। कांग्रेस के बारे में भी 10 साल के बाद पूछेंगे तो डायनासोर की तरह यह भी समाप्त हो जाएगी। मोदी के नेतृत्व के नयी सोच के साथ नये भारत का निर्माण हो रहा है। भारत की लम्बी विकास की यात्रा में सभी सरकारों का योगदान है लेकिन हमारी सरकार में जो विकास की तेजी देखने को मिली, वह कभी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ जिन तक पहुंचना चाहिए उन तक पहुंचाने का प्रयास किया। हमें सफलता मिलने के साथ ही असफलता भी मिली। चन्द्रयान 2 तैयार किया था वह चन्द्रमा पर नहीं पहुंचा। हमारे वैज्ञानिकों का मनोबल टूटा मगर पीएम मोदी सुबह चार बजे वैज्ञानिकों के बीच पहुंचे औरर उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया। फिर करिश्मा हुआ और चन्द्रयान 3 दक्षिणी ध्रुव पर हमारा लैंडर उतर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!