करोड़ों खर्च फिर भी प्यासा जाखणीधार

Spread the love

नई टिहरी()। करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई कोश्यार पंपिंग पेयजल योजना जाखणीधार बाजार के लोगों को प्यास नहीं बुझा पा रही है। वर्षों से पेयजल समस्या से जूझ रहे लोगों को आज भी एक दिन छोड़कर पानी मिल रहा है जिससे उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार के लोगों का कहना है कि गर्मियों के मौसम में तो पानी की नियमित आपूर्ति मिलनी ही चाहिए। जाखणीधार क्षेत्र के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई कोश्यार पंपिंग पेयजल योजना से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कुछ तो राहत मिली है लेकिन जाखणीधार बाजार के लोगों की परेशानी अभी दूर नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र और नवाकोट गांव के लिए एक ही टैंक से सप्लाई देने के कारण समस्या बनी हुई है। दोनों जगह के लिए अलग-अलग टैंक बनाया गया होता तो बाजार और नवाकोट के ग्रामीणों को हर दिन पानी की सप्लाई मिलती लेकिन योजना बनाते समय प्रस्ताव देने के बावजूद किसी ने ध्यान नहीं दिया। स्थानीय व्यापारी वीरेंद्र सिंह पंवार, गुरु प्रसाद लसियाल, मदन सिंह, राकेश बेलवाल, मोहन सिंह पंवार और पूर्णानंद लसियाल ने बताया कि बाजार के लिए अलग से टैंक बनाकर नियमित जलापूर्ति कराई जा सकती है। जगह-जगह पानी लीकेज होने से भी समस्या बनी है। बाजार की आबादी भी लगातार बढ़ती जा रही है जिससे पानी की खपत भी बढ़ रही है। बाजार के लिए अलग टैंक बनाने की मांग पर जिला प्रशासन और जल निगम इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है जिससे बाजार के लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है।
जाखणीधार बाजार और नवाकोट के कुछ क्षेत्र की आपूर्ति एक ही टैंक से की जा रही है। दोनों जगह एक साथ सप्लाई देने से फोर्स कम हो जाता है। इस कारण एक दिन छोड़कर पर्याप्त सप्लाई दे रहे हैं। बाजार के लिए अलग टैंक बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। – केएन सेमवाल, अधिशासी अभियंता जल निगम चंबा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *