धर्मशाला पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स से मुकाबले को लेकर बढ़ा आईपीएल का रोमांच

Spread the love

धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर धर्मशाला में आईपीएल 2026 का रोमांच अब पूरी तरह चरम पर पहुंच चुका है. पंजाब किंग्स के बाद अब दिल्ली कैपिटल्स की टीम भी धर्मशाला पहुंच गई है. 11 मई को एचपीसीए स्टेडियम में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले अहम मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. दिल्ली कैपिटल्स की टीम गगल एयरपोर्ट पहुंची, जहां से खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीधे हयात रीजेंसी होटल ले जाया गया.
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों के धर्मशाला पहुंचते ही एयरपोर्ट के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा हो गई. फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए काफी देर तक इंतजार करते नजर आए. सुरक्षा कारणों के चलते खिलाड़ियों को एयरपोर्ट से सीधे टीम बस के जरिए होटल पहुंचाया गया. इस दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
आईपीएल मुकाबलों को लेकर धर्मशाला में इस समय पूरी तरह क्रिकेट का रंग चढ़ चुका है. धौलाधार की बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच स्थित एचपीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर बड़े मुकाबलों का गवाह बनने जा रहा है. पंजाब किंग्स को यहां दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं. तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाने वाली धर्मशाला की पिच पर रोमांचक मैचों की उम्मीद की जा रही है.
बताया जा रहा है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम रविवार से एचपीसीए स्टेडियम में अभ्यास सत्र शुरू करेगी. खिलाड़ी धर्मशाला की परिस्थितियों के अनुसार खुद को तैयार करने पर फोकस करेंगे. एचपीसीए और जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों की सुरक्षा, ट्रैफिक और स्टेडियम व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं.
इस बार धर्मशाला में आईपीएल मैचों की टिकट कीमतों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है. पिछले साल जहां टिकटें 1200 से 2000 रुपये के बीच मिलती थीं, वहीं इस बार शुरुआती कीमत 2500 रुपये रखी गई है. प्रीमियम टिकटों की कीमत 22,500 रुपये तक पहुंच गई है. टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू हो चुकी है, जबकि ऑफलाइन बिक्री को लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है.
क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी यह है कि धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम इस बार आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले की भी मेजबानी करेगा. बीसीसीआई के शेड्यूल के अनुसार 26 मई को पहला क्वालीफायर मैच धर्मशाला में खेला जाएगा. इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
वहीं दूसरी ओर पंजाब किंग्स के खिलाड़ी मैक्लोडगंज स्थित होटल मैक्लो में डिनर के लिए पहुंचे. खिलाड़ियों के पहुंचते ही होटल के बाहर क्रिकेट प्रशंसकों और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. कई फैंस ने खिलाड़ियों के वीडियो बनाए और उनका अभिवादन किया. सुरक्षा के लिहाज से होटल परिसर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *