लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग का नए सिरे से सर्वेक्षण कराने की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में बढ़ रही जन समस्याओं पर श्री गुरु गोरखनाथ पर्यावरणीय संरक्षण एवं संवर्धन समिति ने नाराजगी व्यक्त की है। कहा कि पूर्व में आश्वासन के बाद भी जनप्रतिनिधि समस्याओं को लेकर लापरवाह बने हुए हैं। बैठक में सरकार से लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग का नए सिरे से वन विभाग व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से स्थलीय वास्तविक सर्वेक्षण करवाने की मांग की गई। कहा कि रोड़ के एलिवेटेड बनने से जंगली जानवरों के जीवन में कोई दखल नहीं होगा। बैठक में यातायात, अतिक्रमण सहित कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
रविवार को समिति के अध्यक्ष आरपी पंत की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सदस्यों ने सबसे पहले मुख्य वक्ताओं का सम्मान किया। इसके उपरांत वक्ताओं ने समस्याओं को लेकर अपने-अपने विचार व्यक्त किए। सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण में न्यायालय के आदेश के बाद भी सरकार की ओर से की जा रही लापरवाही चिंता का विषय है। स्थानीय जनता लगातार मार्ग निर्माण के लिए आंदोलन कर रही है। लेकिन, अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। जनता के हित को देखते हुए मार्ग को एलिवेटेड बनाया जाना चाहिए। वन्य जीव संस्थान के वरिष्ठ वन्य जीव वैज्ञानिक विभाष पांडव ने कहा कि हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। बैठक में अवैतनिक वन्य जीव प्रतिपालक राजीव मेहता अशोक नेगी ने भी पर्यावरण को लेकर अपनी बात रखी। बैठक में शहर की समस्याओं पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में कोटद्वार शहर अतिक्रमण, पार्किंग, बेसहारा गौवंश और जंगली जानवरों के मानव जीवन में दखल संबधी समस्याओं से जूझ रहा है। इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाना चाहिए। इस मौके पर दिनेश घिल्डियाल, प्रमोद डोबरियाल, जगदीश चन्द जोशी, सुनील नेगी, प्रकाश चन्द हेमदान, अशोक नेगी, एसएन पोखरियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *