जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम कोटद्वार के काशीरामपुर (पश्चिम) क्षेत्र में घनी आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन लोगों के लिए चुनौती बनी हुई है। वरिष्ठ नागरिक संगठन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजते हुए लाइन को शिफ्ट करने की मांग की है।
वरिष्ठ नागरिक संगठन के अध्यक्ष पीएल खंतवाल, रिपुदमन सिंह बिष्ट व महेंद्र कुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा है। संगठन का कहना है कि यह लाइन हजारों लोगों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। बताया गया है कि वार्ड संख्या-9 के नजीबाबाद रोड, काशीरामपुर क्षेत्र की कई कॉलोनियों एवं मोहल्लों के ऊपर से लगभग 1.5 किलोमीटर तक हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इसके दायरे में रमेश नगर, चमेली गली, कछड़ी कॉलोनी, भवानी एन्क्लेव, जानकी नगर, बद्रीविशाल कॉलोनी, उमेश नगर, सजवाण कॉलोनी, भोलादत्त विहार, सूर्य नगर, शिवालिक नगर, डिफेंस कॉलोनी, न्यू प्रताप नगर, प्रताप नगर, देवी नगर, सैनिक कॉलोनी सहित आसपास के कई क्षेत्र आते हैं। संगठन ने कहा कि बरसात एवं तेज हवा के दौरान कई बार लाइन से तार टूटने के कारण टीवी, फ्रीज, इन्वर्टर, एसी सहित अन्य विद्युत उपकरण खराब हो चुके हैं। ज्ञापन में 6 सितंबर 2022 को सैनिक कॉलोनी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से रूकमा देवी गुसाईं की मृत्यु तथा उमेश नगर में एक महिला के गंभीर रूप से घायल होकर दिव्यांग होने की घटना का भी उल्लेख किया गया है। वरिष्ठ नागरिक संगठन ने मुख्यमंत्री की वर्ष 2021 की उस घोषणा का भी हवाला दिया, जिसमें आवासीय भवनों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी एवं 33 केवी विद्युत लाइनों को शिफ्ट किए जाने की बात कही गई थी। संगठन का आरोप है कि घोषणा के बावजूद आज तक संबंधित लाइन को स्थानांतरित नहीं किया गया, जिससे क्षेत्रवासी भय के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। संगठन ने मुख्यमंत्री से जनहित में हाईटेंशन लाइन को शीघ्र अन्य सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने तथा इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई कर संगठन को भी अवगत कराने की मांग की है।