शहर में बेपटरी ट्रैफिक ने बढ़ाई मुश्किल

Spread the love

ऋषिकेश। शहर में शुक्रवार को यात्री वाहनों का दबाव बढ़ने से ट्रैफिक बेपटरी हो गया। जाम लगने से बाईपास से लेकर मुख्य मार्ग तक आवाजाही में न सिर्फ यात्रियों, बल्कि पर्यटक और स्थानीय लोगों को भी जूझना पड़ा। जाम का यह सिलसिला रात करीब आठ बजे तक चला। शुक्रवार को चारधाम यात्री भारी संख्या में ऋषिकेश से होकर गुजरे। साहसिक पर्यटन राफ्टिंग के लिए दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा और आसपास के राज्यों से पर्यटकों की भीड़ पहुंची, जिसके चलते पहले हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित गौरा देवी चौक से इंद्रमणि बडोनी चौक के बीच ट्रैफिक फंस गया। यहां कभी जाम, तो कभी स्लो ट्रैफिक की समस्या बनी रही। जाम में वाहन सवार यात्री व पर्यटक गरमी में परेशान होते दिखे। कुछ पर्यटक वाहनों ने जाम से बचने के लिए शहर के मुख्य मार्ग का रुख किया तो पहले ही संकरे मार्ग पर दबाव बढ़ते ही जाम के हालात बन गए। भीड़भाड़ में सवारी वाहनों के फंसने के चलते गर्मी में यात्री पसीना-पसीना भी होते दिखे।मुख्य मार्ग पर बेपटरी ट्रैफिक से आंतरिक मार्गों पर भी आवागमन प्रभावित हुआ। शाम छह बजे के बाद स्थिति यह रही कि घाट चौक, दून तिराहा और चंद्रभागा पुल तिराहे पर लोगों को ठीक से पैदल चलने के लिए भी सड़क पर जगह नसीब नहीं हुई। यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि वाहनों का दबाव बढ़ने पर श्यामपुर से यात्री और पर्यटक हरिद्वार बाइपास मार्ग पर डायवर्ट किया गया। वाहनों की अधिक भीड़ की वजह से इस तरह की समस्या पैदा हुई। बावजूद, पुलिस यातायात को सुचारू रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *