बुद्ध पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

Spread the love

ऋषिकेश। तीर्थनगरी में बुद्ध पूर्णिमा धूमधाम से मनाई गई। बुद्ध पूर्णिमा पर क्षेत्र और विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों में पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाई। विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान और विभिन्न अनुष्ठान आदि कर गरीबों को दान-पुण्य किया। शुक्रवार को तड़के चार बजे से ही लोग गंगा घाटों पर उमड़ पड़े। ऋषिकेश के त्रिवेणीघाट, नाव घाट, दत्तात्रेय घाट, रामानंद घाट, साईं घाट, 72-सीढ़ी घाट, आवास विकास घाट, लक्ष्मणझूला के संतसेवा घाट, किरमोलाघाट, स्वर्गाश्रम के नावघाट, लक्ष्मीनारायण घाट, गीताभवन घाट, परमार्थ निकेतन घाट, वानप्रस्थघाट, तपोवन के सच्चा धाम घाट, मुनिकीरेती के शत्रुघनघाट, पूर्णानंद घाट, स्वामीनारायण घाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर गंगा घाटों पर बैठे फक्कड़ बाबाओं को श्रद्धानुसार, अन्न, धन आदि दान दिया। गंगा घाटों पर दोपहर दो बजे तक लोगों की भीड़ देखने को मिली। सभी मां गंगा से अपने परिवार की सुख समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। श्री वीर वर दायक काले हनुमान मंदिर मायाकुंड के महंत रामकृपाल दास ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन पवित्र गंगा में स्नान करने के बाद दान और पुण्य का एक अलग ही महत्व है। कहा जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु गंगाजल में निवास करते हैं। इसी कारण बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर स्नान करने का एक अलग ही महत्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *