नैनीताल। नैनीताल में बीते गुरुवार को बारिश के दौरान झील में नौकायन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पैडल बोट में सवार पर्यटक झील के बीच फंसे नजर आ रहे हैं और किनारे पहुंचने के लिए लगातार प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। बारिश शुरू होने के बाद झील में नौका संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद एक पैडल बोट झील के बीच में ही तैरती रह गई। इसी दौरान झील किनारे मौजूद किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज हवा के कारण पर्यटक बोट को किनारे लाने में असमर्थ रहे। काफी प्रयास के बाद जब हवा की गति कुछ कम हुई, तब वे सुरक्षित किनारे पहुंच सके। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लापरवाही और जान जोखिम में डालने वाला कदम बताया है। साथ ही स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका से झील में नौकायन के दौरान निगरानी रखने की मांग की है। हालांकि, पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने बताया कि नगर पालिका की टीम झील में नियमित रूप से निगरानी करती है।