जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था व महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचार पर कांग्रेस ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। इस दौरान कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का भी पुतला दहन किया।
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए झंडाचौक के समीप एकत्रित हुए। यहां उन्होंने प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। आए दिन महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैंं। वक्ताओं ने कहा कि चंपावत की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए। कहा कि महिलाओं की सुरक्षा व न्याय के मुद्दे पर सरकार को संवेदनशील व जवाबदेह होना चाहिए। कांग्रेसियों ने सतपुली में अनुसूचित जाति के युवक की आत्महत्या की घटना को भी निंदनीय बताया। कहा कि युवक का आत्महत्या करना व्यवस्थाओं पर प्रश्न चिन्ह है। क्षेत्र में गैस वितरण में लगातार आ रही अव्यवस्था को गंभीर बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि अव्यवस्था के कारण महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है। कहा कि कांग्रेस सदैव जन हितों को लेकर संघर्ष करती रहेगी। पुतला दहन करने वालों में महानगर अध्यक्ष मीना बछवाण, पूर्व अध्यक्ष संजय मित्तल, महानगर कांग्रेस महिला अध्यक्ष सुधा असवाल, प्रवीन रावत, प्रदेश सचिव गणेश नेगी, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, विजय नारायण सिंह, साबर सिंह नेगी, सुदर्शन रावत, होशियार सिंह बिष्ट सहित तमाम कार्यकत्र्ता मौजूद रहे।