धोखाधड़ी में दो साल से फरार 15 हजार का इनामी गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के मामले में करीब दो वर्ष से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए वर्ष 2024 में दुबई चला गया था।
थाना प्रेमनगर में युवराज क्षेत्री निवासी कोल्हूपानी, नन्दा की चौकी, प्रेमनगर की शिकायत पर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 85 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा संख्या 255/24, धारा 420/120बी भादवि के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी बृजमोहन सिंह लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी देहरादून की ओर से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए वर्ष 2024 में दुबई चला गया था। इसके बाद पुलिस टीम लगातार गोपनीय रूप से आरोपी की गतिविधियों और उसके संबंध में जानकारी जुटाती रही। पुलिस को आरोपी के भारत वापस लौटने की सूचना मिली। इसके बाद प्रेमनगर पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से उसकी तलाश तेज की। पुलिस के अनुसार, भारत लौटने के बाद आरोपी अपने घर जाने के बजाय एक गेस्ट हाउस में छिपकर रह रहा था। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने 25 सितंबर 2026 को बद्री विशाल गेस्ट हाउस के पास, रिस्पना रोड से बृजमोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *