मौहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर हादसों की रोकथाम को तैनात रहेगी टास्क फोर्स

Spread the love

देहरादून, दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित मौहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए धर्मपुर विधायक विनोद चमोली एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुर्घटनाओं के कारणों और उनके स्थायी समाधान को लेकर मौके पर विस्तृत चर्चा की। विधायक एवं डीएम ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। निरीक्षण के दौरान मौहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर होने वाली दुर्घटनाओं में ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग को प्रमुख कारक बताया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन दोनों कारणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
24़7 पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र में प्रभावी निगरानी के लिए अधिकारियों की टास्क फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत टास्क फोर्स की तैनाती की जाएगी और क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होने तक यह सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
पुलिस एवं परिवहन विभाग को क्षेत्र में 24़7 नियमित पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से भारी एवं लोडिंग वाहनों की ओवरलोडिंग की जांच करने के साथ वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को कहा गया है।
ब्लैक स्पॉट से पहले बनेगा चेक पोस्ट
डीएम ने दुर्घटना स्थल से पहले चेक पोस्ट स्थापित कर वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चेक पोस्ट के आगे यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए राउंडअबाउट सहित आवश्यक ट्रैफिक मैनेजमेंट व्यवस्था विकसित करने और बड़े एवं भारी वाहनों को सुरक्षित तरीके से निर्धारित मार्ग से निकालने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *