बहुउद्देशीय शिविर में दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पदामपुर मोटाढाक क्षेत्र में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यशाला/बहुउद्देशीय शिविर में दिव्यांगजनों को सहायता उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिविर का आयोजन राजकीय प्राथमिक विद्यालय पदमपुर में किया गया। इस दौरान भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) कोटद्वार इकाई द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के तहत समाज कल्याण विभाग को 100 सामान्य व्हील चेयर तथा 10 इलेक्ट्रिक व्हील चेयर उपलब्ध कराई गईं। शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं, छड़ी, बैसाखी तथा अन्य सहायक उपकरण भी लाभार्थियों को प्रदान किए गए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा। मुख्य अतिथि ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि इस प्रकार की पहल दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि सरकार और सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जा रही है। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुब्रियाल, संजीव पाल, सक्षम संस्था के योगंबर सिंह रावत, बीईएल के महाप्रबंधक अंबरीश त्रिपाठी, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, पार्षद सौरभ नौडियाल, अमित नेगी, जेपी बहुखण्डी, विवेक भारती, आराधना द्विवेदी, राजेंद्र जजेड़ी, महेश नेगी सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *