देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पटेलनगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे 30 लोगों को हिरासत में लिया। सभी के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई तथा भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को भी असुविधा होती है। इसी को देखते हुए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने तथा कानून का पालन करने की अपील की है।