पेयजल लाइन की हुई मरम्मत, ग्रामीणों को मिलने लगा पानी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल वन प्रभाग क्षेत्र के अंतर्गत कंडा गजरोड़ा एवं खेड़ा तोक में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत कर दी गई है। लाइन ठीक होने के बाद ग्रामीणों को दोबारा पेयजल आपूर्ति मिलने लगी है।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व जंगल से आबादी क्षेत्र में पहुंचे हाथियों ने पेयजल लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिससे गांव में पानी का संकट गहरा गया था। पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों को प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा था। इससे जंगली जानवरों के खतरे की आशंका भी बनी हुई थी। सूचना मिलने पर गढ़वाल वन प्रभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए जल संस्थान को पत्र भेजा। इसके बाद वन विभाग एवं जल संस्थान ने संयुक्त रूप से कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था सुचारु कर दी। गजरोड़ा निवासी सरिता देवी ने बताया कि पेयजल लाइन टूटने से गांव में पानी की भारी किल्लत हो गई थी। ग्रामीणों को पानी के लिए प्राकृतिक स्रोतों तक जाना पड़ रहा था, जहां जंगली जानवरों का खतरा बना रहता था। वन क्षेत्राधिकारी हरेंद्र रावत एवं उप वन संरक्षक तरूण एस ने बताया कि ग्रामीणों को लगातार जंगली जानवरों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इस दौरान वन दरोगा रमेश चंद्र शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *