जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ग्राम्य एकता प्रगति प्रेमांजलि समागम समिति (गेप्स) की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज कर्तिया में बाल सखा प्रकोष्ठ के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने एवं लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य सुनील कुमार की अध्यक्षता में हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामभरोसा कंडवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता एवं दूरदर्शिता अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल उच्च पद प्राप्त करने से नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने से मिलती है। इस अवसर पर गेप्स के स्वयंसेवी एवं काउंसलर मनमोहन काला ने छात्र-छात्राओं को कला, विज्ञान, वाणिज्य, कृषि एवं तकनीकी क्षेत्रों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम में केशव चंद्र डबराल, प्रदीप पंवार, मुकेश कुमार, महावीर सिंह रावत, सिकंदर परमार, दीपक सिंह रौतेला, परीक्षित सिंह रावत, बृजपाल सिंह, विजय प्रसाद, ममता असवाल, अनामिका चौहान एवं जगदंबा भारद्वाज सहित विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।