सैन्य सम्मान के साथ सैनिक को दी अंतिम विदाई

Spread the love

शोक में बंद रहा कोटड़ी बाजार व विद्यालय
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सड़क हादसे में मृत गढ़वाल राइफल्स में तैनात जवान संदीप का र्पािथव शरीर बुधवार को उनके गांव पहुंचा। जहां सैनिक को अंतिम विदाई देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। शोक में कोटडी बाजार व विद्यालय भी बंद रहा। पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ सैनिक को अंतिम विदाई दी गई।
रिखणीखाल ब्लॉक के अंतर्गत कोटड़ी वल्ली गांव निवासी संदीप सिंह रावत (28) आठ साल पहले तीन गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए। वर्तमान में वह राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे और उनकी तैनाती जम्मू कश्मीर में थी। उनकी शादी एक साल पहले ही हुई थी और पांच मई को शादी की सालगिरह मनाने के लिए वे छुट्टी पर घर आए हुए थे। मंगलवार को वह अपने भाई कुलदीप सिंह के साथ बाइक से किसी काम से देहरादून जा रहे थे। लालतप्पड़ के समीप उनकी बाइक मार्ग पर बने कट के समीप खड़ी स्कूल बस से टकरा गई थी। दोनों घायलों को उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट ले जाया गया था जहां उपचार के दौरान संदीप सिंह ने दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे पत्नी पूजा देवी, पिता अर्जुन सिंह व माता लक्ष्मी देवी को छोड़ गए। उनकी दो बहनों हेमा और टीमा की शादी हो चुकी है। घटना में घायल हुए भाई कुलदीप सिंह का उपचार चल रहा है। वह भी सेना में कार्यरत हैं। बुधवार को संदीप सिंह के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर लाया गया। यहां गढ़वाल राइफल्स के जवानों की टुकड़ी ने उन्हें अंतिम सलामी दी। लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत ने उनके निधन पर शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पैतृक घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *