झंडाचौक में जल भराव की समस्या से निजात दिलवाने के प्रयास शुरु

Spread the love

नगर निगम की ओर से वर्षाें से बंद नहर को खोलने का शुरु किया गया कार्य
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार के झंडाचौक क्षेत्र में जल भराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने वर्षों से बंद पड़ी भूमिगत नहर को खोलने का कार्य शुरू कर दिया है। नहर के चोक होने के कारण बरसात और अन्य दिनों में गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता था, जिससे लोगों और व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
नगर निगम की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से की खुदाई कर भूमिगत नहर की सफाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि झंडाचौक क्षेत्र में पानी की निकासी के लिए यह नहर कई दशक पहले बनाई गई थी, लेकिन लंबे समय से इसकी सफाई न होने के कारण यह पूरी तरह बंद हो गई थी। इसके चलते नालियों का पानी सड़क पर फैलने लगा था और बरसात के दिनों में आसपास की दुकानों तक पहुंच जाता था। स्थानीय लोग लंबे समय से नगर निगम से समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। अब निगम द्वारा कार्रवाई शुरू किए जाने से क्षेत्रवासियों ने राहत की उम्मीद जताई है। कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए नगर निगम कर्मचारियों के साथ पुलिसकर्मी भी मौके पर तैनात किए गए हैं। महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात के दौरान शहर की सड़कों पर पानी जमा न होने पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *