श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम श्रीनगर के वार्ड संख्या-21 में विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन के पात्र लाभार्थियों से आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा कराने की अपील की गई है। पार्षद अंजना रावत ने बताया कि लाभार्थी आधार कार्ड, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल, आय प्रमाणपत्र, आधार से लिंक बैंक पासबुक की प्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि विधवा पेंशन के लिए पति का मृत्यु प्रमाणपत्र, वृद्धावस्था पेंशन के लिए आधार कार्ड में जन्मतिथि स्पष्ट न होने पर आयु प्रमाणपत्र और दिव्यांग पेंशन के लिए यूडीआईडी कार्ड अथवा दिव्यांगता प्रमाणपत्र देना अनिवार्य है। पार्षद ने पात्र लोगों से सभी दस्तावेजों की फोटोकॉपी जल्द जमा करने को कहा है, ताकि पेंशन आवेदन समय पर पूरे किए जा सकें। (एजेंसी)