आर्थिक तंगी से नहीं थमेगी बेटियों की पढ़ाई, 25 छात्राओं की फीस भरी

Spread the love

भारत विकास परिषद ने उठाया जिम्मा, अन्य संस्थाओं से भी सहयोग की अपील
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आर्थिक तंगी के कारण किसी बेटी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए भारत विकास परिषद कोटद्वार ने पहल करते हुए आर्य कन्या इंटर कॉलेज की 25 आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं की एक वर्ष की फीस जमा कराई। परिषद ने अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील की।


विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम कोटद्वार के महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। बेटियां समाज की शक्ति होने के साथ देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ऐसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जिसमें आर्थिक परिस्थितियां किसी बेटी के सपनों के आड़े न आएं। परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि भारत विकास परिषद लंबे समय से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में सहयोग करता आ रहा है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की भावना के अनुरूप परिषद का प्रयास है कि संसाधनों के अभाव में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने समाज की अन्य संस्थाओं और सक्षम लोगों से भी जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आर्य कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक आनंद प्रकाश आर्य, प्रधानाचार्य रेनू नेगी, मीनाक्षी शर्मा और तोताराम पांथरी ने भी विचार रखे। परिषद की ओर से 25 छात्राओं की वर्षभर की फीस जमा किए जाने पर विद्यालय परिवार ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन परिषद की महिला संयोजिका बीना मित्तल ने किया। इस अवसर पर परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, सचिव प्रदीप अग्रवाल, बीना मित्तल, मीनाक्षी शर्मा, गोपाल बंसल, राजेंद्र जखमोला, राकेश मित्तल, तोताराम पांथरी, राजदीप माहेश्वरी, सुनील गुप्ता, सेवकराम मानुजा, शीला कुकरेती, रीता जखमोला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *