91वें जन्मदिवस पर पूर्व प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों के लिए दिए 51 हजार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड कल्जीखाल स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कांसखेत में सोमवार को विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य मनोहर सिंह रावत को उनके 91वें जन्म दिवस के अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के शैक्षिक हित में 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता विद्यालय को प्रदान की।
विद्यालय परिवार ने पूर्व प्रधानाचार्य को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्कृत अध्यापक घनानंद बागसी एवं छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत के साथ की गई। बताया गया कि ब्रिटिश शासनकाल के समय स्थापित यह विद्यालय वर्तमान में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कांसखेत (सीबीएसई) के रूप में संचालित हो रहा है। मनोहर सिंह रावत ने इस विद्यालय में 38 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के 32 वर्ष बाद भी वह शिक्षा, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए विद्यालय को निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके समय में पारिवारिक परिस्थितियां बेहद कठिन होती थीं और सुविधाओं का अभाव था, जबकि आज विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं एनजीओ के माध्यम से विद्यार्थियों को अनेक सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राइका कांसखेत का गौरवशाली इतिहास रहा है और यहां से शिक्षा प्राप्त कर कई छात्र राजनीति, न्याय पालिका, भारतीय प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा तथा शिक्षा विभाग के उच्च पदों तक पहुंचे हैं। इस मौके पर प्रधानाचार्य राकेश प्रजापति, पूर्व प्रधानाध्यापिका श्रीमती मंजुलता रावत, पूर्व प्रधानाचार्य राकेश रावत, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी भानु प्रताप सिंह रावत, पूर्व पीटीए अध्यक्ष चित्र सिंह रावत, विजय नैथानी, समाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी, पूर्व प्रभारी प्रधानाचार्य मोहम्मद कादिर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *