फॉर्च्यूनर कार से हो रही थी गांजा तस्करी, 13.61 लाख के गांजे के साथ दो गिरफ्तार

Spread the love

अल्मोड़ा। जनपद पुलिस को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता मिली है। देघाट पुलिस ने लग्जरी फॉर्च्यूनर कार से तस्करी कर ले जाए जा रहे 54 किलो से अधिक गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 13.61 लाख रुपये आंकी गई है। एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को थाना देघाट पुलिस ने केदार उदयपुर रोड पर ग्राम उदयपुर स्थित डोभरी गधेरे के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार संख्या सीएच-01एआर -9289 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी में रखे तीन कट्टों से कुल 54.450 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। इनमें एक कट्टे में 20.100 किलो, दूसरे में 16.150 किलो और तीसरे में 18.200 किलो गांजा मिला। पुलिस ने मौके से हिम्मत सिंह बोरा निवासी दुर्गापुरी रामनगर और भरत रावत निवासी नई बस्ती पुछड़ी रामनगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा तस्करी के दौरान पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन चेकिंग में उनकी योजना विफल हो गई। इस कार्रवाई पर एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के ने पुलिस टीम को एक हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद, अपर उपनिरीक्षक गंगा प्रसाद, हेड कांस्टेबल करुण मिश्रा तथा कांस्टेबल उपेंद्र सिंह और नीरज बिष्ट शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *