बिग ब्रेकिंग

कांग्रेस से आजाद हुए गुलाम नबी कल जम्मू में रैली से करेंगे शक्ति प्रदर्शन, नई पार्टी की जल्द करेंगे घोषणा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जम्मू, एजेंसी। कांग्रेस छोड़ने के बाद जम्मू में रविवार को रैली के जरिए गुलाम नबी आजाद शक्ति प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस को अलविदा कहने के बाद आजाद का जम्मू-कश्मीर का पहला दौरा होगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू-कश्मीर से अधिकतर वरिष्ठ नेता व सैकड़ों कार्यकर्ता आजाद के समर्थन में पार्टी छोड़ चुके है। आजाद की रैली पर कांग्रेस, भाजपा समेत कश्मीर केंद्रित दलों की नजरें लगी हुई है। आजाद का रैली में नई पार्टी का एलान करने की संभावना कम है। उनके समर्थक नेता बताते हैं कि कुछ दिनों के बाद पार्टी की घोषणा होगी। रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस छोड़ने वाले उनके समर्थकों ने पूरा जोर लगाया है।
पंद्रह हजार लोगों को रैली में लाने का लक्ष्य रखा गया है। सारी तैयारियां पूरी हो गई है। जम्मू के सैनिक कालोनी में रैली के लिए मंच तैयार हो चुका है। आजाद समर्थक नेताओं, कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर भारी उत्साह है। आजाद के समर्थन में आज भी कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़ी। आजाद तीन दिवसीय दौरे पर रविवार सुबह जम्मू पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत जम्मू हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया जाएगा। उसके बाद वह गांधी नगर में अपने आवास पर जाएंगे। उसके बाद दोपहर को सैनिक कालोनी में रैली को संबोधित करेंगे।
मंच पर करीब दो दर्जन नेता उपस्थित रहेंगे जिसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री ताराचंद, अब्दुल मजीद वानी, मनोहर लाल शर्मा, जीएम सरूरी, अब्दुल गनी मोंगा, बलवान सिंह आदि शामिल होंगे। करीब एक घंटे में नेताओं को पांच-पांच मिनट का समय मिलेगा। उसके बाद आजाद अपनी बात रखेंगे। कांग्रेस छोड़ने वाले जीएम सरूरी का कहना है कि यह आरोप बेबुनियाद है कि आजाद को भाजपा का समर्थन हासिल है। रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन नहीं किया जा रहा है। यह लोगों का आजाद के प्रति प्रेम है कि वह जम्मू कश्मीर के कोने कोने से स्वागत करने के लिए जम्मू आ रहे है।
कांग्रेस ही नहीं बल्कि अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी आजाद का समर्थन कर रहे हैं। जम्मू कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद आजाद ही मुख्यमंत्री होंगे। कुछ दिनों बाद नई पार्टी की घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी राष्ट्रीय स्तर की होगी। इस समय जम्मू कश्मीर पर ध्यान इसलिए दिया जा रहा है क्योंकि जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। बलवान सिंह ने कहा कि आजाद के समर्थन में रैली पूरी तरह से सफल होगी। जम्मू वासी आजाद का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। वह नई पार्टी की घोषणा कर सकते है। जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करवाने, महंगाई, बेरोजगारी पर बात होगी। गुलाम नबी आजाद ही जम्मू कश्मीर को विकास के रास्ते पर ले जा सकते है। पूर्व विधायक अशोक -शर्मा ने भी आजाद का समर्थन करते हुए कांग्रेस को छोड़ दिया।
जम्मू नगर निगम ने पहले अभियान चलाकर शहर में लगे आजाद के पोस्टर हटा दिए। जब आजाद समर्थकों ने मामले को नगर निगम के समक्ष उठाया तो बताया गया कि पोस्टर लगाने की अनुमति नहीं दी ली गई। आजाद समर्थक नेताओं ने अनुमति हासिल की तो उन्हें पोस्टर लौटा दिए गए। गौरव चोपड़ा ने कहा कि हमें पोस्टर लगाने की अनुमति मिल गई है। हम आजाद का स्वागत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!