चमोली(। दो दिन आसमान साफ रहने के बाद शनिवार को फिर से मौसम ने करवट ली और दोपहर बाद बदरीनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। वहीं गोपेश्वर में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। बारिश से हाईवे सुधारीकरण कार्य फिर से प्रभावित हो गया है। पिछले दिनों लगातार बारिश और बर्फबारी के बाद दो दिन मौसम साफ रहा। हालांकि हल्के बादल छाए रहे लेकिन बारिश और बर्फबारी नहीं हुई। वहीं शनिवार को दोपहर बाद अचानक बादल छा गए। बदरीनाथ धाम में जमकर बर्फबारी हुई। वहीं गोपेश्वर और आस-पास के क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। तेज हवा चलने से पंजाब नेशनल बैंक के सामने एक पेड़ सड़क पर गिर गया। जिस जगह पर पेड़ गिरा वहीं पर दुकानों के खोखे भी हैं। यदि पेड़ थोड़ा दायीं तरफ गिरता तो भारी नुकसान हो सकता था। हालांकि पेड़ गिरने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। करीब दो घंटे बाद पुलिस प्रशासन की ओर से पेड़ को हटाया गया और यातायात सुचारु हो पाया। वहीं लगातार बारिश और बर्फबारी से बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के साथ ही यात्रा तैयारियों के कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। बारिश से हाईवे सुधारीकरण का कार्य भी प्रभवित हो रहा है।
दो गोशाला की छत उड़ी: नंदानगर। शनिवार को दोपहर बाद तेज हवा चली और बारिश हुई। तेज हवा चलने से नंदानगर के राजबगठी गांव में दो गोशाला की छत उड़ गई। इसके अलावा कई जगह पर पेड़ टूट गए हैं। इससे लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने बताया कि तेज हवा से महेंद्र सिंह और जितेंद्र रावत की गोशाला के छत की टिन हवा में उड़ गई।
बारिश से गेहूं की फसल पर संकट: आदिबदरी। क्षेत्र के ऊंचाई वाले गांवों में किसान गेहूं की फसल को लेकर चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि यदि लगातार मौसम खराब रहा तो गेहूं की फसल के खराब होने के आसार हैं। क्षेत्र के ऊंचाई पर स्थित चोरड़ा, सिराणा, छिमटा, डोल्टू, लंगटाईं, पंडाव, प्यूंरा, पज्याणा गांवों में गेहूं की फसल पकने लगी है। डोल्टू के मदन सिंह ने बताया कि अगर धूप रही तो एक सप्ताह बाद गेहूं की फसल की कटाई शुरू हो जाएगी। लंगटाईं के ज्ञान सिंह का कहना है कि अब बारिश की जरूरत नहीं थी फसल पकने की स्थिति में है।