जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष बनें पंकज रावत, सुरेंद्र प्रताप सिंह उपाध्यक्ष

Spread the love

निर्विरोध हुआ निर्वाचन, विभिन्न समितियों के लिए भी चुने गए प्रतिनिधि
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला सहकारी बैंक कोटद्वार के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गई। दोनों पदों पर एक-एक नामांकन आने के कारण भाजपा समर्थित पंकज रावत को अध्यक्ष और सुरेंद्र प्रताप सिंह को उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके साथ ही उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक और उत्तराखंड प्रादेशिक कोआपरेटिव यूनियन के लिए प्रतिनिधियों का भी निर्विरोध चयन हुआ।


जिला सहकारी बैंक मुख्यालय में मंगलवार सुबह नौ बजे से निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी बीडी रतूड़ी के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ ही दो समितियों के लिए प्रतिनिधियों का निर्वाचन किया जाना था। निर्धारित समय तक सभी पदों पर एक-एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ। जांच के बाद सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार अध्यक्ष पद पर पंकज रावत और उपाध्यक्ष पद पर सुरेंद्र प्रताप सिंह निर्वाचित हुए। उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, हल्द्वानी के लिए नीतू रावत, रवींद्र सिंह नेगी, मनोज पटवाल और चंद्रकला देवी को प्रतिनिधि चुना गया। वहीं उत्तराखंड प्रादेशिक कोआपरेटिव यूनियन लिमिटेड, देहरादून के लिए नरेंद्र सिंह और साधना त्रिपाठी का चयन हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, उमेश त्रिपाठी समेत अन्य लोगों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। समर्थकों ने मिठाई खिलाकर खुशी जताई। निर्वाचन के बाद समर्थकों की ओर से नगर में विजयी जुलूस भी निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *