चमोली। पर्यावरण दिवस के मौके पर कंडारा क्षेत्र में 4 से 6 जून तक आयोजित होने वाले दशोलीगढ़ दिवा कौथिग के भव्य आयोजन को लेकर रविवार को कंडारा गांव में बैठक आयोजित हुई। निर्णय लिया गया कि स्थानीय महिलाएं काफल के साथ ही स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाएंगी। इसके अलावा कौथिग में लोकगीत व लोकनृत्य की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कौथिग समिति के अध्यक्ष सतेंद्र बिष्ट और पूर्व जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि कौथिग को भव्य रुप से आयोजित किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य सरोजनी देवी ने कहा कि कौथिग में स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। काफल का स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस दौरान क्षेत्र की महिला मंगल दल की महिलाओं व युमंद के युवाओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उद्योगपति सुधीर रावत ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ऐसे आयोजन अहम होते हैं। मुंबई कौथिग की तर्ज पर दशोलीगढ़ कौथिग का आयोजन भी किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व प्रधान दिनेश रावत, रवि बिष्ट, रोशन बिष्ट, जयसिंह कठैत, भरत, दर्शन, महिला मंगल दल से जुड़ी महिलाएं व युवा मौजूद रहे।