जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज दिउला पौखाल में न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ हो गया। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न दौड़ स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। 100 मीटर दौड़ में आरूषी और बालक वर्ग में आयुष ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि 800 मीटर दौड़ में यास्मीन खातून ने बाजी मारी।

खेल महाकुंभ का उद्घाटन सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत बहुखंडी और विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। आज अनेक युवा खेलों के माध्यम से प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के तहत बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आरूषी प्रथम, अंजलि द्वितीय और मनीष तृतीय स्थान पर रहीं। 800 मीटर दौड़ में यास्मीन खातून ने प्रथम, दीपिका राणा ने द्वितीय और आंचन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आयुष प्रथम, तुषार द्वितीय और प्रयांशु तृतीय रहे। इस अवसर पर विनय चंदोला, डीएस नेगी, शशिभूषण अमोली सहित विद्यालय के शिक्षक, आयोजन से जुड़े लोग और प्रतिभागी खिलाड़ी मौजूद रहे।