बागेश्वर। अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ग्रामसभा खोली, आरे में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता कुमारी ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम, नशे के दुष्परिणाम, साइबर अपराध, दहेज प्रथा उन्मूलन और 18 जुलाई को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही “देवभूमि के बुजुर्गों का मान-विधिक सेवा का अभियान”, “आश्रय और अधिकार : निराश्रितों के विधिक अधिकार” तथा महिलाओं से जुड़े यौन उत्पीड़न और अन्य अपराधों संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
रिटेनर अधिवक्ता त्रिलोक जोशी ने ई-फाइलिंग, ट्रू कॉपी, निःशुल्क कानूनी सहायता एवं सलाह, नालसा (मानव-वन्यजीव संघर्ष) योजना-2025, नालसा (वीर परिवार सहायता) योजना-2025, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा नालसा (जागृति) योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर के शुभारंभ पर नालसा थीम सांग “एक मुट्ठी आसमान” प्रस्तुत किया गया।