भुलाया नहीं जा सकता शहीदों का बलिदान
तृतीय गढ़वाल राइफल्स गौरव सेनानी संगठन की ओर से आयोजित किया गया कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
तृतीय गढ़वाल राइफल्स गौरव सेनानी संगठन की ओर से बटालियन का स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान सदस्यों ने बलिदानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाबर क्षेत्र के घमंडपुर स्थित बरातघर में कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के अध्यक्ष सूबेदार विक्रम सिंह नेगी ने किया। कहा कि गढ़वाल राइफल्स के तृतीय बटालियन की स्थापना 20 अगस्त 1916 को लैंसडौन में कर्नल जेएमटी हांग के नेतृत्व में हुई थी। स्थापना से लेकर अब तक बटालियन के जवानों ने देश व विदेशों में अपना लोहा मनवाया है। देश सुरक्षा में बटालियन के जवान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में बटालियन के सबसे बुजुर्ग गौरव सेनानी आलम सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर संगठन के संयोजक हिम्मत सिंह नेगी, उम्मेद सिंह नेगी, मान सिंह नेगी, विजय नेगी, भरत रावत, ताजवर सिंह, रामचंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।