श्रीनगर : चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को रात में श्रीनगर में रोकने की व्यवस्था से स्थानीय होटल कारोबारियों में खुशी है। होटल एसोसिएशन श्रीनगर के पदाधिकारियों ने नगर निगम पहुंचकर मेयर आरती भंडारी का आभार जताया। कारोबारियों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से यात्री बिना रुके सीधे आगे बढ़ जाते थे, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा था। अब रात्रि ठहराव की व्यवस्था शुरू होने से व्यापार में सुधार और शहर में रौनक लौटने लगी है। होटल एसोसिएशन ने कहा कि मेयर आरती भंडारी के सुझाव और प्रशासन की कार्रवाई से स्थानीय व्यापार को सकारात्मक लाभ मिला है। इस अवसर पर अध्यक्ष अप्पल रतूड़ी, संरक्षक नरेश नौटियाल, विक्रम पंवार, प्रकाश उनियाल, राजेश पोस्ती और संजय पिमोली मौजूद रहे। (एजेंसी)