श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा के बढ़ते दबाव और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल और प्रशासन ने शहर को व्यवस्थित यात्रा पड़ाव के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मेयर आरती भंडारी की पहल पर मुख्य बस अड्डे के समीप खाली भूमि का समतलीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है, जहां पार्किंग विकसित की जाएगी। नगर निगम ने अभियान के दौरान आसपास की दुकानों द्वारा फैलाई गई गंदगी पर सख्ती दिखाते हुए चालानी कार्रवाई भी की। मेयर आरती भंडारी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान शहर में बेहतर व्यवस्था और यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। लंबे समय बाद यात्रा सीजन में वाहनों के रात्रि ठहराव की व्यवस्था होने से शहर के होटल, रेस्टोरेंट, चाय-नाश्ते की दुकानें, फल विक्रेता और छोटे कारोबारी फिर सक्रिय नजर आने लगे हैं। व्यापारियों का कहना है कि व्यवस्थित पार्किंग और यात्रियों के बढ़ते ठहराव से स्थानीय कारोबार को नई ऊर्जा मिलेगी। (एजेंसी)