मकानों के ऊपर लटका ट्रक, हादसा टला

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर गुरूवार रात करीब साढ़े दस बजे बड़ा हादसा होने से बच गया जब श्रीनगर से ऋषिकेश जा रहा एक बल्कर ट्रक मेन मार्केट के ऊपर घनी बस्ती की ओर गिरने से बच गया। ट्रक का एक टायर सड़क से बाहर निकल गया था, लेकिन दूसरा टायर पैराफिट में फंस जाने से वह रुक गया, वरना कई घरों को भारी नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद मेन मार्केट क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। स्थानीय निवासियों चैतराम पालीवाल और प्रमोद टोडरिया ने बताया कि यह क्षेत्र पहले से ही दुर्घटना के लिहाज से संवेदनशील है, जहां कई बार बड़े हादसे होते-होते बचे हैं। उन्होंने कहा कि पुराने और कमजोर पैराफिट को हटाकर क्रैश बैरियर लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *