रुद्रप्रयाग : प्रदेश में इस यात्राकाल में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं जिससे स्थानीय कारोबारियों में भारी उत्साह है। केदारनाथ धाम में अब तक रिकॉर्ड साढ़े नौ लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। वहीं तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट 22 अप्रैल को खुलने के बाद से अब तक 55 हजार भक्त दर्शन कर चुके हैं। मंदिर प्रबंधक प्रकाश पुरोहित के अनुसार यात्री चंद्रशिला और रावणशिला क्षेत्र का भी भ्रमण कर रहे हैं। द्वितीय केदार मदमहेश्वर के कपाट 21 मई को खुलने के महज एक सप्ताह में रिकॉर्ड 9,512 यात्री पहुंचे हैं। मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग ने बताया कि श्रद्धालु बूढ़ा मध्यमहेश्वर और प्राकृतिक स्थलों के दर्शन भी कर रहे हैं। गौंडार निवासी 85 वर्षीय आलम सिंह पंवार ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है जब यात्रा में इतने रिकॉर्ड यात्री पहुंच रहे हैं। गौंडार, बनतोली और नानू सहित सभी पड़ावों के होटल, लॉज व होमस्टे फुल हैं। इससे कारोबारी भी खुश हैं। वहीं ओंकारेश्वर मंदिर में 16 हजार 394 यात्रियों ने दर्शन किए हैं। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए 14 किमी लंबे पैदल मार्ग पर घोड़े और डंडी-कंडी की व्यवस्था की गई है। प्रधान अनूप पंवार व अन्य जनप्रतिनिधियों के अनुसार यहां बुनियादी सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। वहीं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने और बुग्यालों को संरक्षित रखने की अपील की है। (एजेंसी)