देहरादून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) 2026 परीक्षा तीन मई रविवार को होगी। इसके लिए दून में 18 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकांश केंद्र केंद्रीय विद्यालयों एवं प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और निगरानी को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।बलूनी क्लासेज के एमडी विपिन बलूनी ने बताया कि परीक्षा एजेंसी ने केंद्रों की सूची जारी कर दी है। जिसके अनुसार आर्मी पब्लिक स्कूल बीरपुर, बी.एस. नेगी राजकीय इंटर कॉलेज गुज्जराड़ा, राजकीय पॉलिटेक्निक पिथूवाला, केंद्रीय विद्यालय संख्या-2 हाथीबड़कला, केंद्रीय विद्यालय ओएलएफ रायपुर, केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी कौलागढ़, केंद्रीय विद्यालय एफआरआई न्यू फॉरेस्ट सहित विभिन्न विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी सीमा द्वार, अपर कैंप देहरादून कैंट, केंद्रीय विद्यालय संख्या-1 सलावाला, आर्मी कैंट रायवाला, बीरपुर गढ़ी कैंट, आईआईपी मोहकमपुर तथा भारतीय सैन्य अकादमी प्रेमनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय भी केंद्रों में शामिल हैं। इसी प्रकार पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, पीएम श्री राजीव गांधी नवोदय विद्यालय ननूरखेड़ा तथा उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित वूमन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।