निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन

Spread the love

देहरादून। निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि, किताबों के बढ़ते दाम और विभिन्न शुल्कों के खिलाफ शनिवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने ज्ञापन देकर कार्रवाई की भी मांग उठाई। डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ता व छात्र मयूरी विहार स्थित मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि निजी स्कूल ट्यूशन फीस, वार्षिक शुल्क, कंप्यूटर फीस और अन्य मदों में लगातार बढ़ोतरी कर रहे हैं। जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। साथ ही एनसीईआरटी पुस्तकों की कीमतों में 50 से 80 प्रतिशत तक वृद्धि होने का आरोप लगाते हुए इसे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए गंभीर समस्या बताया गया।सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड जनकल्याणकारी राज्य है और शिक्षा को मुनाफे का जरिया बनने से रोकना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि यदि छपाई लागत बढ़ी है तो सरकार सब्सिडी देकर पुरानी दरें बहाल करे, प्रदेश में फीस रेगुलेटरी एक्ट को सख्ती से लागू किया जाए और जिला स्तर पर शिकायत समिति गठित कर 15 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रसंघ अभिभावकों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगा।इस दौरान मुकेश बसेरा, नितिन नेगी, सौरभ सेमवाल, मयंक रावत, अभिनव कफलिया, स्वयं रावत, दक्ष रावत, आर्यन भंडारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *