श्रीनगर गढ़वाल : गैस सिलिंडर वितरण में अनिवार्य किए गए ओटीपी सिस्टम के विरोध में हिंसरियाखाल क्षेत्र के गैस उपभोक्ताओं ने उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है। हिंसरियाखाल क्षेत्र के नरेश उमरियाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी प्रक्रिया पूरी है उन्हें भी बिना ओटीपी सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के चलते समय पर ओटीपी प्राप्त नहीं हो पाता जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं मलेथा के अचल नेगी ने बताया कि बुजुर्ग और अशिक्षित लोग ओटीपी प्रक्रिया से परिचित नहीं हैं। कई बार ओटीपी न मिलने पर डिलीवरी कर्मी सिलिंडर वापस ले जाते हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी पूर्ण है, उन्हें ओटीपी के बिना भी सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए व ओटीपी व्यवस्था को अनिवार्य के बजाय वैकल्पिक बनाया जाए। (एजेंसी)