श्रीनगर गढ़वाल : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चड़ीगांव के शिक्षकों ने शिक्षक कैडर निर्माण के संबंध में महानिदेशक विद्यालय शिक्षा, उत्तराखंड को ज्ञापन भेजा। टीचर एजुकेटर फोरम के डायट संयोजक डॉ. जेएस पुंडीर के नेतृत्व में डायट प्राचार्य स्वराज सिंह तोमर के माध्यम से प्रतिनियुक्तियों के तहत होने वाली नियुक्तियों पर भी आपत्ति जताई। कहा कि किसी भी शासनादेश में डायट में विषय आधारित विशेष नियुक्ति का प्रावधान नहीं है इसलिए विषय के आधार पर किसी भी प्रवक्ता को अतिरिक्त घोषित करना न्यायसंगत नहीं है। शिक्षकों ने बताया कि वर्तमान में एससीईआरटी और डायट में एक ही विज्ञप्ति के माध्यम से नियुक्तियां होती रही हैं, लेकिन केवल प्रशिक्षण संस्थानों में ही प्रवक्ताओं का समायोजन किया जाना विभेदपूर्ण है। कहा कि भारत सरकार की गाइडलाइन में प्रतिनियुक्ति का कोई उल्लेख नहीं है। यदि डायट में प्रतिनियुक्ति के तहत नियुक्तियां की जाती हैं तो यह संस्थान की मूल अवधारणा के विपरीत होगा। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लेती है तो वे न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में डॉ. जे.एस. पुंडीर, जे.एस. कठैत, डॉ. डी.एस. लिंगवाल, नरेंद्र बिष्ट, अनुजा मैठानी, डॉ. शिवकुमार भारद्वाज, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. अरविंद, रेणु और विनय किमोठी सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे। (एजेंसी)