पशुओं के चारे की समस्या पर गो सेवा ट्रस्ट ने जताई चिंता
संवाददाता, अल्मोड़ा। गो सेवा ट्रस्ट अल्मोड़ा गुरुकुल शोले कार्यकारिणी की ओर से बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कोरोना काल में पशुओं की स्थिति पर चिंता जताई गई। इस समस्या पर जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से सहयोग की अपेक्षा की गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व उपशिक्षा निदेशक विपिन चंद्र जोशी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि गोशाला को चारे के लिये आत्मनिर्भर बनाये जाने के लिये सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। ट्रस्ट के सचिव दयाकृष्ण कांडपाल ने कहा कि पशुओं के चारे के लिये उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग को निर्देश लिये। उन्होंने कहा कि गोशाला की आर्थिक हालात ठीक नहीं है। कुछ समाजसेवियों और उपलब्ध संसाधनों से जो भी चारा उपलब्ध हो रहा है। उससे ही काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि गोशाला को राजकीय सहायता नहीं मिल रही है। बैठक में सदस्यों ने जिला स्तरीय, कृषि, पशुपालन, आजीविका से संबंधित विभाग से इस ओर ध्यान देने की मांग की। कोषाध्यक्ष पूरन चंद्र तिवारी ने विगत वर्ष के आय व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत करते हुये कहा कि संसाधनों का विकास जरूरी है। इस दौरान आवारा घूम रहे गोवंश पर चिंता व्यक्त की गई। लोगों से भी अपने पशुओं को सड़क पर ना छोड़ने की अपील की गई। यहां बद्री विशाल अग्रवाल, दयाकृष्ण कांडपाल, पूरन चंद्र तिवारी, चंद्रमणी भट्ट आदि सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखते हुये बैठक में शामिल हुये।