नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग कोटद्वार-नजीबाबाद के मध्य बनी चुनौती
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार से नजीबाबाद के मध्य करीब पंद्रह किलोमीटर हिस्से में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। पिछले करीब दो वर्षों से चल रहा यह निर्माण कार्य आमजन के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। हालात यह हैं कि जहां एक ओर सड़क के गड्डे आमजन को परेशान कर रहे हैं, वहीं सड़क से उड़ती धूल भी दम निकाल रही है।
वर्तमान में कोटद्वार से नजीबाबाद के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड नजीबाबाद ने जगह-जगह सड़क को खोदा हुआ है। नतीजा, सड़क में जहां जगह-जगह गड्ढे हैं, वहीं भारी वाहनों के मार्ग से गुजरते समय धूल का गुबार भी उठ रहा है। कई स्थानों पर धूल का गुबार इतना अधिक हो रहा है कि आगे चलने वाले वाहन दिखाई नहीं दे रहे। ऐसे में कब हादसा हो जाए, कहा नहीं जा सकता। हल्की वर्षा होने से मार्ग पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक रपट रहे है। रात के अंधेरे में मार्ग से आवागमन सबसे बड़ी चुनौती बन रहा है। दरअसल, राष्ट्रीय राजमार्ग पर कहीं भी लाइट नहीं है। नतीजा, धूल के कारण आगे कुछ भी नहीं दिखाई देता। पूर्व में लोगों ने कार्यदायी संस्था से व्यवस्था को बेहतर बनाने की भी मांग उठाई। लेकिन, अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। बताना जरूरी है कि कोटद्वार-नजीबाबाद के मध्य प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं।