जन प्रतिनिधियों ने उठाई मूलभूत समस्याएं

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड द्वारीखाल की क्षेत्र पंचायत बैठक में जनसमस्याएं छाई रही। जनप्रतिनिधियों ने लगातार शिकायत के बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर रोष व्यक्त किया। इस दौरान अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को जल्द समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
मंगलवार को ज्येष्ठ प्रमुख नीलम नैथानी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सबसे अधिक पेयजल समस्या छाई रही। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि गर्मी के मौसम में प्राकृतिक स्रोत सूखने लगते हैं। जिससे क्षेत्र में पेयजल समस्या उत्पन्न होने लगती है। ऐसे में हर क्षेत्र में पानी के अन्य विकल्प भी बनाए जाने चाहिए। बैठक में वहीं, क्षेत्र में लंबे समय से सड़कें भी बदहाल पड़ी हुई है। सड़क मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को गंभीरता से कार्य करना चाहिए। बैठक में वन विभाग, विद्युत एवं पंचायत भवनों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने जनप्रतिनिधियों को जल्द समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को भी क्षेत्र का भ्रमण कर समस्याओं को सुनने के निर्देश दिए। साथ ही जिस भी क्षेत्र में पेयजल समस्या है वहां जल संस्थान को पेयजल टैंक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर बैठक में कनिष्ठ उप प्रमुख कौशल्या देवी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, अर्जुन सिंह, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी लैंसडाउन शालिनी मौर्य, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत नंदिता अग्रवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र फोनिया, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *