दो दिन की किल्लत के बाद पेट्रोल आपूर्ति बहाल, पंपों पर भीड़

Spread the love

बागेश्वर। जिले में दो दिन तक पेट्रोल की किल्लत के बाद गुरुवार को आपूर्ति बहाल होने से लोगों को राहत मिली। तेल पहुंचते ही पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की भीड़ उमड़ पड़ी। माल रोड स्थित पंप में दिनभर खासकर दोपहिया वाहन चालकों की लंबी कतारें लगी रहीं। जिले में कुल 14 पेट्रोल पंप संचालित हैं। इन दिनों बारात सीजन और बढ़ती आवाजाही के चलते पेट्रोल और डीजल की मांग में लगातार इजाफा हो रहा है। इसके विपरीत समय पर आपूर्ति न होने से कई पंपों पर दिन या शाम तक ईंधन खत्म हो जा रहा है। हल्द्वानी से टैंकर पहुंचने के बाद ही पंप संचालक पुनः वितरण शुरू कर पा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को एक-दो दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। बुधवार को माल रोड स्थित जय अंबे ऑयल, बैजनाथ क्षेत्र के पंप, कांडा रोड के फलटनिया और ढांगन स्थित पंपों पर पेट्रोल समाप्त होने की सूचना चस्पा कर दी गई थी। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ा। गुरुवार को आपूर्ति पहुंचने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जिला पूर्ति अधिकारी बबलू पांडे ने बताया कि जिले के विभिन्न पंपों पर अलग-अलग मात्रा में पेट्रोल उपलब्ध है। जिन पंपों पर कमी बनी हुई है, वहां इमरजेंसी जरूरत वाले उपभोक्ताओं को सीमित मात्रा में ईंधन देने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *